सोनीपत | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. टोक्यो और पेरिस पैरालंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीतकर हरियाणा और हिंदुस्तान का गौरव बढ़ाने वाले सोनीपत के सुमित अंतिल ने नई दिल्ली में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल जीता है.
लगातार तीसरी बार जीता गोल्ड मेडल
सुमित अंतिल विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के सबसे सफल खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने भाला फेंक इवेंट में लगातार तीसरी बार गोल्ड मेडल जीतकर विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के सबसे सफल खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया है. सुमित ने भाला फेंक इवेंट की F- 64 केटेगरी में 71.37 मीटर दूर भाला फेंकते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया.
विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025: भारत के सुमित अंतिल ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा F64 में 71.37 मीटर की दूरी तय करके स्वर्ण पदक जीता।
(फोटो: SAI मीडिया) pic.twitter.com/GwsOHq1QHZ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 30, 2025
उन्होंने 2023 में बनाए 70.83 मीटर के अपने ही चैंपियनशिप रिकॉर्ड को बेहतर किया, लेकिन 73.29 मीटर के अपने विश्व रिकॉर्ड से लगभग दो मीटर दूर रहे जो उन्होंने 2023 एशियाई पैरा खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के दौरान बनाया था. विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सुमित अंतिल के अलावा किसी भी भारतीय खिलाड़ी ने तीन गोल्ड मेडल नहीं जीते हैं.
घर पर छाई खुशियां
गोल्ड मेडल जीतने की खुशी में सुमित अंतिल के घर पर खुशियां छाई हुई है. दोस्त और उनके शुभचिंतक बधाई देने उनके घर पहुंच रहे है. वहीं, मंगलवार को चार मेडल जीतने के साथ ही भारत 4 गोल्ड, चार सिल्वर और एक कांस्य पदक के साथ विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है.
