सोनीपत | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे सोनीपत में नगर निगम मेयर उपचुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है. इस चुनाव को लेकर कांग्रेस ने एक बैठक बुलाई थी, जिसमें उम्मीदवारों के नाम पर मंथन करने के साथ- साथ चयन के लिए कमेटियां गठित की गई है. इस बैठक में कांग्रेस पार्टी (Haryana Congress) ने फैसला किया है कि बीजेपी द्वारा प्रत्याशी घोषित करने के बाद ही कांग्रेस पार्टी अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा करेगी. बता दें कि निकाय चुनावों को लेकर आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है.
कांग्रेस भवन में हुई बैठक
सोनीपत शहर के सुभाष चौक स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित हुई इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और चुनाव प्रभारी हरवीर सिंह तेवतिया समेत जिले की कांग्रेस पार्टी की कोआर्डिनेशन कमेटी के नेता उपस्थित रहे. बता दें कि कांग्रेस पार्टी की ओर से 19 उम्मीदवारों ने मेयर पद उपचुनाव के लिए ताल ठोकी है. वहीं, कुछ नाम अलग से चर्चा में भी है. इस बैठक में दो दर्जन से ज्यादा नामों पर चर्चा हुई, जिसके बाद लगभग 10 नाम शार्ट लिस्ट किए हैं. उसके बाद, उसमें से फाइनल नाम को लेकर सर्व सहमति बनाई जाएगी.
इस बैठक में बारी- बारी से प्रत्येक प्रत्याशी से चुनाव कमेटी नेताओं द्वारा सवाल- जवाब किए गए, जिसमें पार्टी से संबंधित और नगर निगम के अन्तर्गत विभिन्न वार्डों और उनकी संख्या को लेकर सवाल किए गए हैं. बैठक के बाद कांग्रेस सचिव व सोनीपत चुनाव के सहप्रभारी जितेन्द्र बघेल ने कहा कि आज नगर निगम मेयर उपचुनाव के लिए 7 अलग- अलग कमेटियां बनाई गई है. ये अलग- अलग कार्य देखेगी.
कौनसी कमेटी क्या काम करेगी?
चयन कमेटी: यह कमेटी आवेदनों पर चर्चा करेगी और फाइनल प्रत्याशी का चयन करेगी. पार्टी कैडर लाइन का कौन सही प्रत्याशी हैं और उसे आगे किस प्रकार से आगे लेकर जाया जाएगा. इसको लेकर स्क्रुटनी कमेटी काम करेगी. पूर्व विधायक धर्मपाल मलिक को इस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है.
कैंपेन कमेटी: सोनीपत विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार को इस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है.
लीगल कमेटी: प्रेम सिंह अत्री की अध्यक्षता वाली यह कमेटी किसी भी तरह की लीगल कार्रवाई की जिम्मेदारी संभालेंगी. जितेन्द्र बघेल ने कहा कि प्रेम सिंह सीनियर एडवोकेट है, इसलिए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है.
सोशल मीडिया कमेटी: जयभगवान अंतिल को इस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है.
मेनिफेस्टो कमेटी: नगर निगम के अन्तर्गत सोनीपत शहर की समस्याओं को लेकर एक लिस्ट बनाई गई है और अगर कांग्रेस पार्टी का मेयर बनता है, तो आगे किस प्रकार से उनकी समस्याओं का समाधान करना है. उसी को लेकर मेनिफेस्टो कमेटी गठित की गई है. राजीव शर्मा इस कमेटी के इंचार्ज होंगे.
कार्यालय संचालन कमेटी: मेयर उपचुनाव में कार्यालय संचालन कमेटी का अध्यक्ष प्रेम गुप्ता को बनाया गया है.
जल्द होगी नामों की घोषणा
जितेन्द्र बघेल ने बताया कि सर्वसहमति से कैंडिडेट्स के नामों पर चर्चा की गई है. सबकुछ फाइनल हो गया है और जल्द ही नाम का ऐलान किया जाएगा. उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव हैं तो इसमें स्थानीय नेताओं की सहमति से ही नाम निर्धारित किए जाएंगे. इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों में बीजेपी को बुरी तरह से हार का स्वाद चखाना है.
