सोनीपत | पैरालंपिक खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ावा देने वाली एक अच्छी खबर सामने आई है. देश की पहली महिला पैरालंपिक पदक विजेता हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव भैंसवाल कलां की रहने वाली दीपा मलिक की जीवनी बहुत जल्द सिल्वर स्क्रीन पर दिखाई देगी. उनके संघर्ष और सफलता से भरी प्रेरणादायक कहानी को फिल्म के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा.
यह अभिनेत्री निभाएंगी किरदार
हिमाचल प्रदेश से बीजेपी सांसद एवं बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत इस फिल्म में दीपा मलिक का किरदार अदा करेगी. इस विषय पर दीपा मलिक और कंगना रनौत के बीच विस्तृत चर्चा भी हो चुकी है. बता दें कि दीपा मलिक के कमर से नीचे का हिस्सा लकवाग्रस्त है. सालों पहले रीढ़ में ट्यूमर के चलते उनका चलना असंभव हो गया था. तमाम कोशिशों के बाबजूद भी उनकी सेहत में सुधार नहीं हुआ और उन्हें व्हीलचेयर पर आना पड़ा.
दीपा मलिक ने दिव्यांगता को अपनी कमजोरी नहीं बल्कि ताकत बनाया और 2016 रियो पैरालंपिक खेलों में शॉटपुट इवेंट में सिल्वर मेडल जीतकर नया इतिहास रच दिया. उनके इस पदक से पैरालंपिक खिलाड़ियों खासकर व्हीलचेयर पर बैठे खिलाड़ियों को एक नई उर्जा मिली और पहले के मुकाबले ज्यादा लोगों का खेलों की ओर रूझान बढ़ा. उनकी इस फिल्म से देश और दुनिया में पैरा खेलों को नई पहचान और प्रेरणा मिलेगी.
दीपा मलिक की उपलब्धियां
राजीव गांधी खेल रत्न अवार्ड पाने वाली पहली भारतीय महिला पैरा एथलीट दीपा मलिक ने एशियन गेम्स में भी सिल्वर मेडल जीता था. दीपा ने 2009 में शॉट पुट में अपना पहला पदक (कांस्य) जीता था. इसके अगले ही साल उन्होंने ऐसा कमाल किया कि इंग्लैंड में शॉटपुट, डिस्कस थ्रो और जेवलिन तीनों में गोल्ड मेडल जीतकर हरियाणा और हिंदुस्तान का गौरव बढ़ा दिया. भाला फेंक में उनके नाम पर एशियाई रिकॉर्ड है.
दीपा ने 2011 में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीता. उसी साल शारजहां में वर्ल्ड गेम्स में दो कांस्य पदक जीते. वर्ष 2012 में मलेशिया ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जेवलिन व डिस्कस थ्रो में दो गोल्ड मेडल अपने नाम किए. 2014 में चाइना ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप बीजिंग में शॉटपुट में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया. उसी साल इंच्योन एशियन पैरा गेम्स में रजत पदक जीकर रिकॉर्ड स्थापित कर दिया. साल 2020 में वह भारतीय पैरालंपिक समिति की अध्यक्ष बनीं. उनके योगदान और उपलब्धियों के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया है.
