सोनीपत | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. बुल्गारिया में आयोजित हुई U- 20 वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप में हरियाणा की एक और बेटी ने गोल्ड मेडल जीतकर हिंदुस्तान का गौरव बढ़ाया है. 17 वर्षीय युवा पहलवान और टैक्सी ड्राइवर की बेटी काजल ढोचक ने 72 किलोग्राम भारवर्ग में इस उपलब्धि को हासिल किया है. उन्होंने फाइनल मुकाबले में चीनी पहलवान लियू युकी को 8- 6 से हराते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया.
पूरी टूर्नामेंट में दिखाया शानदार खेल
सोनीपत के लठ-जोली गांव की रहने वाली काजल ने पूरी टूर्नामेंट में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. उन्होंने सबसे पहले बुल्गारिया की एमिली मिहाइलोवा और किर्गिस्तान की कैयरकुल शारशेबायेवा के खिलाफ जीत हासिल करते हुए टूर्नामेंट की धमाकेदार शुरुआत की. सेमीफाइनल मुकाबले में काजल ने अमेरिका की जैस्मीन रॉबिन्सन को 13-6 से हराते हुए शानदार तरीके से फाइनल में प्रवेश किया.
फाइनल मुकाबले में एक समय काजल 4- 0 की बढ़त बना चुकी थी लेकिन चीनी पहलवान ने बढ़िया खेल दिखाते हुए मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन काजल ने संयम और अनुशासन दिखाते हुए फाइनल मुकाबला 8- 6 के अंतर से जीत कर हिंदुस्तान की झोली में स्वर्ण पदक डाला.
टैक्सी चलाते हैं पिता
काजल के पिता टैक्सी चलाकर घर का पालन- पोषण करते हैं. भले ही परिवार की आर्थिक स्थिति ज्यादा अच्छी ना हो, लेकिन काजल को पहलवान बनाने में परिवार ने हर कदम पर सहयोग किया है. उनके पहलवानी में करियर बनाने में परिवार ने कभी आर्थिक स्थिति को आड़े नहीं आने दिया. उनके पिता और चाचा दोनों ही कुश्ती के खिलाड़ी रहे हैं और आज उन्हीं के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेते हुए काजल विश्व पटल पर हरियाणा और हिंदुस्तान का नाम रोशन कर रही है. पिता ने कहा कि बेटी ने गोल्ड मेडल जीतकर हमारे गौरव को बढ़ाया है. हमें अपनी बेटी पर नाज है.
हरियाणा की धाकड़ बेटी काजल को ढेरों बधाई एवं शुभकामनाएँ! 🙏
लगातार दूसरे साल अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर काजल ने देश और प्रदेश का नाम गर्व से ऊँचा किया है।
यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, लगन और परिवार के आशीर्वाद का परिणाम है।
हमें गर्व है ऐसी बेटियों पर,… pic.twitter.com/35MeRzpfrv
— Haryana BJP (@BJP4Haryana) August 24, 2025
काजल की उपलब्धियां
साल 2024 में 73 किलोग्राम भारवर्ग में U- 17 एशियाई खिताब और 69 किलोग्राम कैटिगरी में U- 17 वर्ल्ड खिताब जीता.
2023 में किर्गिस्तान में हुई U- 17 वर्ल्ड चैंपियनशिप में 73 किलोग्राम भारवर्ग में फिर से खिताब पर कब्जा जमाया.
