हरियाणा के इस खेल स्टेडियम की बदलेगी तस्वीर, आधुनिक मल्टीपर्पज हॉल व सिंथेटिक ट्रैक की मिलेगी सुविधा

सोनीपत | हरियाणा की स्वर्ण नगरी सोनीपत के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि राज्य सरकार ने सोनीपत के गोहाना रोड स्थित सुभाष स्टेडियम को आधुनिक खेल सुविधाओं से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. इस स्टेडियम में जल्द ही हाई- टेक मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण किया जाएगा और खिलाड़ियों की सुविधा के लिए सिंथेटिक ट्रैक भी तैयार किया जाएगा.

Stadium Photo

करीब 14 करोड़ रुपए खर्चा

इस परियोजना का नक्शा तैयार कर खेल विभाग को मंजूरी के लिए भेजा गया है. बजट को अंतिम मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. इस परियोजना के पूरा होने से सोनीपत के उभरते युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बुनियादी ढांचा उपलब्ध होगा.

इस योजना के अनुसार, करीब 14 करोड़ रुपए की लागत से मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण किया जाएगा. इस मल्टीपर्पज हॉल में एक ही छत के नीचे कई खेलों की सुविधा उपलब्ध होगी. इसमें बैडमिंटन, कुश्ती, कबड्डी, बॉक्सिंग और जिम्नास्टिक जैसे खेलों का अभ्यास कार्य कराया जा सकेगा. इसके साथ ही, स्टेडियम में 200 मीटर लंबा और 6 लेन वाला सिंथेटिक ट्रैक भी विकसित किया जाएगा. इससे एथलेटिक्स खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधा मिल सकेगी.

जलभराव की समस्या का समाधान

सुभाष स्टेडियम का मैदान काफी नीचा है, जिसमें मानसून के दौरान वहां पानी भर जाता है और निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण खिलाड़ियों का प्रशिक्षण लंबे समय तक प्रभावित रहता है. इस समस्या को देखते हुए विभाग ने स्टेडियम में करीब 8 फीट तक मिट्टी भरने का निर्णय लिया है, ताकि जल भराव की समस्या का समाधान हो सके. इस कार्य के लिए करीब 66 लाख रूपए बजट तैयार किया गया है. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जारी होते ही पहले मिट्टी भराव का कार्य पूरा किया जाएगा, उसके बाद भवन निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा.

Avatar of Anita Poonia
Anita Poonia
View all posts

मेरा नाम अनीता पूनिया है. मैं पिछले 2 साल से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हूँ. वर्तमान मे Haryana E Khabar न्यूज वेबसाइट के लिए कंटेंट राइटर का काम कर रही हूँ.