सोनीपत | हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आज 27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के युवाओं से ‘खेलो इंडिया संवाद- खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम के जरिए जुड़ेंगे. मेरा युवा भारत (MY Bharat) की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम में सोनीपत के चार प्रमुख शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भी ऑनलाइन माध्यम से शामिल होंगे.

इसके लिए डॉ. बीआर अंबेडकर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा, जीवीएम गर्ल्स कॉलेज सोनीपत और सीआरए कॉलेज सोनीपत में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इन संस्थानों के विद्यार्थी सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री के वर्चुअल कार्यक्रम से जुड़ेंगे.
खेलों से जुड़े मुद्दों पर होगी बातचीत
‘खेलो इंडिया संवाद’ में देश के अलग- अलग हिस्सों से युवा खेलों को लेकर अपने विचार और सुझाव प्रधानमंत्री के सामने रख सकेंगे. संवाद के दौरान खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने, प्रशिक्षण सुविधाओं, खेल अधोसंरचना और मजबूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र जैसे विषयों पर चर्चा होगी. सोनीपत के विद्यार्थियों के लिए कार्यक्रम इसलिए भी खास है क्योंकि प्रधानमंत्री किसी विद्यार्थी से सीधे बातचीत कर सकते हैं. ऐसे में स्थानीय युवाओं को खेलों से जुड़े मुद्दों पर प्रधानमंत्री के साथ संवाद का मौका मिलने की उम्मीद है.
2036 ओलिंपिक की तैयारी पर चर्चा
कार्यक्रम में वर्ष 2036 के ओलिंपिक को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को तैयार करने, युवाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने और देश में बेहतर खेल वातावरण विकसित करने से जुड़े विषयों पर भी सुझाव लिए जाएंगे. युवा खेल क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों और प्रतिभाओं को निखारने के तरीकों पर अपनी बात रखेंगे. प्रधानमंत्री के वर्चुअल कार्यक्रम के बाद स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों, खेल प्रतिभाओं, खेल प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया जाएगा. इसमें खिलाड़ी अपने अनुभव साझा करेंगे और युवाओं को प्रशिक्षण, खेल सुविधाओं तथा खेल क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसरों की जानकारी देंगे.