चंडीगढ़ | हरियाणा ओलिंपिक संघ ने खिलाड़ियों के चयन और खेल प्रशासन को अधिक पारदर्शी व जवाबदेह बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं. पंचकूला स्थित ओलिंपिक भवन में अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल की अध्यक्षता में आयोजित वार्षिक आम सभा में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और राष्ट्रीय खेलों के लिए चयन प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने पर सहमति बनी. बैठक में तय किया गया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और राष्ट्रीय खेलों के लिए चयन ट्रायल निर्धारित मानकों के अनुसार कराए जाएंगे.

खिलाड़ियों के दस्तावेज पंजीकरण के समय ही सत्यापित किए जाएंगे जबकि ट्रायल अलग- अलग स्थानों पर आयोजित करने का प्रयास रहेगा. साथ ही चयन प्रक्रिया प्रतियोगिता से 20 से 25 दिन पहले पूरी कर ली जाएगी.
तैयारियों को मंजूरी
आम सभा में 28वें हरियाणा राज्य खेलों की तैयारियों को भी मंजूरी दी गई. प्रस्तावित खेल विधाओं, संभावित आयोजन स्थलों, कैलेंडर, संचालन व्यवस्था और बजट पर विस्तार से चर्चा हुई. इन तैयारियों को अंतिम रूप देने की जिम्मेदारी कार्यकारिणी को सौंपी गई. खेल प्रशासन को मजबूत बनाने के लिए एथलीट आयोग, एथिक्स आयोग, महिला खेल आयोग, मेडिकल एवं स्पोर्ट्स साइंस आयोग, विधिक मामलों की समिति, वित्त समिति और विपणन समिति के गठन का फैसला भी लिया गया.
संबद्ध राज्य खेल संघों की सदस्यता, नए खेल संघों की मान्यता और अनुपालन की समीक्षा के अधिकार भी कार्यकारिणी को दिए गए. सभी संबद्ध संघों को अपने अद्यतन पदाधिकारियों की सूची नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए.
आधिकारिक वेबसाइट का शुभारं
बैठक में 27वें हरियाणा राज्य खेलों के पहले चरण की सफलता की समीक्षा करते हुए खिलाड़ियों की भागीदारी, मेरिट प्रमाण- पत्र वितरण और राज्य खेलों को हरियाणा खेल ग्रेडेशन नीति में शामिल किए जाने का स्वागत किया गया. वार्षिक लेखे, ऑडिट रिपोर्ट और आयोजन पर हुए खर्च को भी सर्वसम्मति से मंजूरी मिली. साथ ही 27वें राज्य खेलों की कॉफी टेबल बुक और पोस्ट गेम्स रिपोर्ट प्रकाशित कर उसकी पहली प्रति मुख्यमंत्री को भेंट करने का निर्णय लिया गया. इस दौरान राज्य महासचिव एवं विकास व पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने हरियाणा ओलिंपिक संघ की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया.
नई वेबसाइट के माध्यम से खिलाड़ियों, खेल संघों और आम लोगों को प्रतियोगिताओं, अधिसूचनाओं और अन्य गतिविधियों की जानकारी एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध होगी. बैठक में खिलाड़ियों के वैज्ञानिक प्रशिक्षण, खेल अधोसंरचना के विस्तार और जिला विकास योजना (डी- प्लान) से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई- जसविंदर मीनू बेनीवाल, कैप्टन, अध्यक्ष