Tokyo Olympics: हरियाणा-पंजाब का जलवा, 4% आबादी और 40% खिलाड़ी

चंडीगढ़ ।  खेलों के महाकुंभ ओलम्पिक के लिए भारत ने अब तक का सबसे बड़ा दल टोक्यो (जापान) में भेजा है. भारत की और से इस बार Tokyo Olympics के लिए 127 खिलाड़ियों ने क्वालीफाई किया है. 23 जुलाई से 8 अगस्त तक चलने वाले इस खेलों के महाकुंभ में भारत को रेसलिंग, मुक्केबाजी, शूटिंग, वेटलिफ्टिंग और बेडमिंटन आदि में पदक जीतने की आस रहेंगी.
पिछले कुछ ओलम्पिक की तरह ही इस बार भी इस महाकुंभ में हरियाणा और पंजाब के खिलाड़ियों की भागीदारी सबसे ज्यादा रहेगी.

tokyo olympics

इन दोनों प्रदेशों की कुल जनसंख्या भारत की जनसंख्या की 4.4% है. बावजूद इसके हरियाणा और पंजाब से कुल 50 एथलीट इस बार टोक्यो में अपनी किस्मत आजमाते हुए दिखेंगे. इनमें हरियाणा से 31 व पंजाब से 19 खिलाड़ी शामिल हैं.
कुल मिलाकर देखा जाए तो भारतीय दल में 40% भागीदारी हरियाणा और पंजाब के खिलाड़ियों की है. इसके बाद टोक्यो ओलम्पिक में सबसे ज्यादा भागीदारी वाला राज्य तमिलनाडु है और उसके बाद केरल और उत्तर प्रदेश का नंबर आता है.

तमिलनाडु के 11 खिलाड़ी शामिल

टोक्यो ओलम्पिक खेलों के लिए तमिलनाडु से 11 खिलाड़ी शामिल हैं. यानि 8.7% भागीदारी तमिलनाडु की है. केरल और उत्तर प्रदेश से 8-8 खिलाड़ी ओलम्पिक में दमखम दिखाएंगे. भारत की कुल जनसंख्या में 17% की भागीदारी रखने वाले उत्तर प्रदेश की और से टोक्यो ओलम्पिक दल में 6.7% योगदान है. वहीं भारत की कुल जनसंख्या में 2.6% की भागेदारी रखने वाले केरल की टोक्यो ओलम्पिक दल में 6.3% की भागेदारी हैं.

पुरुष हॉकी टीम में हरियाणा के 9 खिलाड़ी

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के 19 सदस्यीय दल में 9 सदस्य हरियाणा प्रदेश से हैं. हरियाणा से 7 पहलवान भी इस बार टोक्यो ओलम्पिक में दमखम दिखाते हुए नजर आएंगे. इनमें 4 महिला और 3 पुरुष पहलवान हैं. हरियाणा के 4 बॉक्सर्स (3 पुरुष व एक महिला) भी टोक्यो ओलम्पिक में पंच लगाते हुए दिखाई देंगे. इसके अलावा 4 शूटर्स (2 पुरुष व 2 महिला) भी भारतीय दल में शामिल हैं.
वहीं पड़ोसी राज्य पंजाब की बात करें तो पुरुष हॉकी टीम में उसके 11 खिलाड़ी शामिल हैं. वहीं दो शूटर्स (एक महिला व एक पुरुष) भी टोक्यो ओलम्पिक में दमखम दिखाएंगे. भारतीय महिला हॉकी टीम में पंजाब की 2 खिलाड़ी शामिल हैं . एक महिला बॉक्सर भी पंच लगाते हुए दिखाई देंगी.

हमें Google News पर फॉलो करे- क्लिक करे! हरियाणा की ताज़ा खबरों के लिए अभी हमारे हरियाणा ताज़ा खबर व्हात्सप्प ग्रुप में जुड़े!