हिसार | हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ने के साथ एक बार फिर गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है. प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया है. गुरुवार को हिसार प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा.
यहां अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा भिवानी में 38.0°C, चरखी दादरी में 37.9°C, नारनौल में 37.5°C और रोहतक में 37.1°C तापमान रिकॉर्ड हुआ. इन इलाकों में तेज धूप के साथ उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.
हरियाणा में बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार दोपहर बाद प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में मानसूनी नम हवाओं का असर पहुंचने की संभावना है. इन क्षेत्रों में बादल छाने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बौछारें पड़ सकती हैं.
गर्मी से फिलहाल राहत नहीं
राजस्थान से लगते पश्चिमी हरियाणा में पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बना रहने का अनुमान है. हिसार के अलावा सिरसा, फतेहाबाद और जींद में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना जताई गई है. यहां दिन के समय धूप और उमस परेशान कर सकती है. मानसून की सुस्ती का असर रात के तापमान पर भी दिखाई दे रहा है. गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 21.0°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. भिवानी में 23.5°C, महेंद्रगढ़ में 24.1°C और हिसार में 24.7°C रात का तापमान रिकॉर्ड हुआ. मौसम में बदलाव के बाद उत्तरी और पूर्वी जिलों में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
