चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना कम है. हालांकि, 20 जुलाई के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो सकता है जिससे प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार बन रहे हैं. तब तक लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा जम्मू, देहरादून, शाहजहांपुर, बस्ती, पटना, बांकुरा, ओडिशा और पश्चिम बंगाल होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है.

यह ट्रफ धीरे- धीरे हिमालय की तलहटी की ओर बढ़ रही है. इसी वजह से हरियाणा में 20 जुलाई तक मानसूनी गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है. इसके बाद, ट्रफ के दक्षिण की ओर आने से प्रदेश में फिर से मानसून सक्रिय हो सकता है.
हरियाणा मौसम अपडेट
उत्तर हरियाणा के कुछ जिलों में आज हल्की राहत मिलने के आसार हैं. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है. इससे स्थानीय स्तर पर तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज होने की संभावना है. दूसरी ओर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के 22 में से 16 जिलों के लिए उमस और गर्मी का यलो अलर्ट जारी किया है
सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में लोगों को दिनभर तेज उमस और गर्म मौसम का सामना करना पड़ सकता है.
गर्मी का डबल अटैक
मौसम विभाग के अनुसार, 17 जुलाई को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रहेगा. पश्चिमी और दक्षिणी हरियाणा के जिलों में उमस का असर जारी रहेगा, जबकि उत्तर हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी. 19 जुलाई से मौसम में बदलाव शुरू होने के संकेत हैं और 20 जुलाई के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून दोबारा सक्रिय होकर झमाझम बारिश करा सकता है. तापमान की बात करें तो मानसून की धीमी रफ्तार का असर साफ दिखाई दिया. पिछले 24 घंटों में औसत अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई.
उमस से राहत नहीं
राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है. सबसे अधिक तापमान महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा, रोहतक में 40.2 डिग्री, सिरसा में 38.6 डिग्री तथा अंबाला और गुरुग्राम में 38.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ. सबसे कम न्यूनतम तापमान करनाल में 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां बारिश के कारण रात अपेक्षाकृत ठंडी रही. वहीं सबसे अधिक न्यूनतम तापमान सिरसा में 30.0 डिग्री सेल्सियस और अंबाला में 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक रहा. इससे लोगों को रात में भी उमस से राहत नहीं मिली.