चंडीगढ़ | हरियाणा में प्रचंड गर्मी का तांडव लगातार जारी है. रेगिस्तानी इलाकों से आ रही शुष्क और गर्म पश्चिमी हवाओं ने पूरे राज्य को भट्टी की तरह तपा दिया है. लू का ज्यादा असर सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और रेवाड़ी जिलों में देखने को मिला. इन जिलों में दिनभर लू के थपेड़ो ने जनजीवन को अस्त- व्यस्त कर दिया.

हरियाणा तापमान अपडेट
प्रदेश में शुक्रवार को रोहतक सबसे गर्म शहर रहा है, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. यह तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा है. राज्य में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. अब दिन के साथ-साथ रातें भी तपने लगी है.मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में ओर उछाल देखने को मिलेगा.
इन जिलों में आज हीटवेव
मौसम विभाग के अनुसार आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, मेवात, रोहतक, सोनीपत, सिरसा, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी समेत अधिकांश जिलों में हीटवेव का असर रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.
25 मई से नौतपा शुरू
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है. लगातार बढ़ते तापमान से गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है. 25 मई से नौतपा शुरू हो रहा है, जिस दौरान तापमान में ओर उछाल आने वाला है. ज्योतिष और मौसम के अनुसार यह साल के सबसे गर्म 9 दिनों में गिना जाता है. इससे दिन और रात दोनों के तापमान में उफान आता है.
मौसम वैज्ञानिकों के माने तो नौतपा अबकी बार पूरी तरह नहीं तपाएगा, क्योंकि इस दौरान 28 मई और 2 जून को एक के बाद एक, दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहे है. इस मौसम प्रणाली के कारण नौतपा के बीच में ही मौसम करवटें लेगा और बढ़ते तापमान व प्रचंड लू से आम जनता को बड़ी राहत मिलने के आसार है.