चंडीगढ़, Haryana Weather | हरियाणा में गर्मी और तेज धूप के बीच अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है. पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण आज से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बन रही है. पूर्वी हरियाणा के यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, पलवल और फरीदाबाद में बारिश के आसार हैं. आसपास के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हो सकती है. मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई देगा और दिन के पारे में गिरावट आने की संभावना है.
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, मानसून की विदाई के बाद पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव और हवाओं की दिशा पश्चिमी से पूर्वी होने के कारण मौसम में बदलाव संभावित है.
हरियाणा मौसम अपडेट
27 से 29 सितंबर के दौरान हरियाणा के उत्तरी जिलों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना है. बारिश का यह दौर खत्म होने के बाद प्रदेश में मौसम दोबारा खुश्क होने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की विदाई रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरपुर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, दिशा और नलिया से होकर गुजर रही है.
दिन के तापमान में गिरावट संभव
बारिश के कारण प्रदेश में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है. इससे लोगों को तेज धूप और दिन की गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. पिछले 24 घंटों में फरीदाबाद प्रदेश में सबसे गर्म रहा, यहां अधिकतम तापमान 36.7°C दर्ज किया गया. अंबाला में अधिकतम तापमान 35.7°C, हिसार में 35.5°C और रोहतक में 33.9°C रिकॉर्ड किया गया.
बारिश के बाद रात में बढ़ेगी ठंडक
प्रदेश में रात के तापमान में पहले से गिरावट देखने को मिल रही है. गुरुग्राम में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.0°C दर्ज किया गया. हिसार में न्यूनतम तापमान 23.4°C रहा, जबकि रोहतक और फरीदाबाद में रात का पारा 26.4°C रिकॉर्ड किया गया. मौसम में बदलाव के दौरान रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है. हालांकि, बारिश का दौर खत्म होने के बाद न्यूनतम तापमान में दोबारा गिरावट आ सकती है, जिससे रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगेगी.
