चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, 2 अगस्त को प्रदेश के उत्तरी और उत्तर- पूर्वी जिलों में भारी बारिश और बादल गरजने की संभावना है, जिसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में भारी बारिश और गरज-चमक को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मुताबिक राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन बना हुआ है जिसकी वजह से हरियाणा में मानसून की हवाएं कमजोर पड़ने से कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो रही है.

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आज रात से मानसून की हवाएं उड़ीसा, बिहार और उत्तर प्रदेश की तरफ से आने की संभावना बन रही है जिस वजह से 2 से 5 अगस्त के बीच हरियाणा के ज्यादातर इलाकों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है.
हरियाणा वेदर अपडेट
बारिश की स्थिति की बात करें तो उत्तरी हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और कैथल में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. मध्य और दक्षिणी हरियाणा के करनाल, जींद, रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में हल्की बारिश दर्ज होने का अनुमान है जबकि पश्चिमी हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी जैसे जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है या मौसम शुष्क बना रह सकता है. तापमान की बात करें तो प्रदेश में औसतन अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई.
राज्य में सबसे ज्यादा तापमान अंबाला में 36.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. भिवानी और हिसार में 35.5 डिग्री सेल्सियस, दादरी में 35.1 डिग्री सेल्सियस और नूंह में 33.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. गुरुग्राम में तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 33.0 डिग्री सेल्सियस रहा.
न्यूनतम तापमान दर्ज
रात के तापमान की बात करें तो प्रदेश में औसतन न्यूनतम तापमान भी 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़त के साथ लगभग सामान्य ही बना हुआ है. सबसे कम न्यूनतम तापमान भिवानी में 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रमुख शहरों में अंबाला का न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस, हिसार का 27.6 डिग्री सेल्सियस, रोहतक का 27.6 डिग्री सेल्सियस और करनाल का 27.3 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, गुरुग्राम में 26.4 डिग्री सेल्सियस, फरीदाबाद में 28.7 डिग्री सेल्सियस और महेंद्रगढ़ में 26.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.