हिसार | सावन के छठे दिन मानसून ने हरियाणा में जोरदार दस्तक दी. प्रदेश के 16 जिलों में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन कई जगह जनजीवन भी प्रभावित रहा. पानीपत में 97 एमएम बारिश के बाद जीटी रोड पर दो घंटे से अधिक समय तक लंबा जाम लगा रहा.

निर्माणाधीन नाले में एक स्कूली बच्चा गिर गया, जिसे राहगीरों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
हरियाणा मौसम अपडेट
सबसे दर्दनाक हादसा कुरुक्षेत्र के लाडवा क्षेत्र के गांव बड़ौंदी में हुआ. लगातार बारिश के बीच निर्माणाधीन मकान की पिछली दीवार धंसने से लैंटर भरभराकर गिर गया. मलबे में दबने से दंपती की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.
अंबाला में सबसे अधिक 99.06 एमएम बारिश दर्ज की गई. वहीं यमुनानगर में हथनीकुंड बैराज पर जलप्रवाह बढ़ने से लो फ्लड जैसी स्थिति बन गई, जिसके बाद प्रशासन ने हालात पर नजर बनाए रखी. कई जिलों में सड़कों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की भी सूचना मिली.
अलर्ट रहने की सलाह
मौसम विभाग ने प्रदेश में बारिश का सिलसिला अभी जारी रहने की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार 6 अगस्त तक हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में वर्षा होने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
बारिश से जहां किसानों को फसलों के लिए राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं लगातार हो रही वर्षा के कारण कच्चे और निर्माणाधीन मकानों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. प्रशासन ने भी निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है.