चंडीगढ़ | हरियाणा में अगले कुछ दिन मौसम के दो अलग- अलग रंग देखने को मिलेंगे. एक ओर प्रदेश के कई जिलों में 30 जून तक हीटवेव का असर बना रहेगा. वहीं, 1 जुलाई से बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ ने 2 और 3 जुलाई को प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है. इसके साथ ही, 1 जुलाई से गरज- चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है.

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. सबसे अधिक 45 डिग्री सेल्सियस तापमान भिवानी में रिकॉर्ड किया गया.
हरियाणा में 30 जून तक हीटवेव
बोपानी (फरीदाबाद) में 44.2 डिग्री, चरखी दादरी में 41.5 डिग्री, हिसार में 41.7 डिग्री, अंबाला में 41.6 डिग्री, नूंह में 42.1 डिग्री और नारनौल में 41.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. आईएमडी ने 29 जून के लिए अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह (मेवात) और पलवल जिलों में अलग- अलग स्थानों पर हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है.
1 जुलाई से बदलेगा मौसम
दूसरी ओर सोमवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद और चरखी दादरी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज- चमक की संभावना है. हालांकि, अधिकांश इलाकों में गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है. 1 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी. 2 जुलाई को कुछ स्थानों और इसके बाद कई जिलों में वर्षा होने की संभावना है. 2 और 3 जुलाई को कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है.
बारिश का अलर्ट जारी
विभाग ने लोगों और किसानों को मौसम के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने, खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है. बारिश बढ़ने के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट आने की भी संभावना जताई गई है. लोगों को दोपहर के समय तेज धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है.