हिसार | हरियाणा में मानसून की सक्रियता अभी बनी रहने वाली है. चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने 8 अगस्त को मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि प्रदेश में 10 अगस्त तक मानसून की हवाओं की सक्रियता ज्यादा रहने की संभावना है. इस दौरान कई क्षेत्रों में बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ की अक्षीय रेखा की उत्तरी सीमा अनूपगढ़, दिल्ली, सीधी और दीघा से होते हुए उत्तरपूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है.

पंजाब के ऊपर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन भी सक्रिय है. इन मौसमी परिस्थितियों के कारण हरियाणा में मानसून की गतिविधियां फिलहाल तेज रहने की संभावना है.
हरियाणा के कई जगह बारिश
पूर्वानुमान के मुताबिक, 9 अगस्त और 10 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं और गरज- चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश होने की भी संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को मौसम में होने वाले अचानक बदलाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मौसम विज्ञानियों के अनुसार 11 और 12 अगस्त को मानसून की सक्रियता में कुछ कमी आने की संभावना है.
घटेगी मानसून की सक्रियता
इन दोनों दिनों में प्रदेश के आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कहीं- कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान बीच- बीच में बादलवाई रहने से दिन के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है जबकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है. मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को आगामी दिनों को देखते हुए जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है.