हरियाणा में अगले 72 घंटे होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट; कई अंडरपास बंद

चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. मंगलवार सुबह गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, फतेहाबाद, सोनीपत, यमुनानगर, भिवानी और महेंद्रगढ़ समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई. लगातार बारिश का असर जनजीवन पर भी देखने को मिला. कई जगह जलभराव की स्थिति बनी, जबकि सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. गुरुग्राम में सेक्टर- 10 से हीरो होंडा चौक तक करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया.

Barish Mausam Rain Weather

दिल्ली से गुरुग्राम आने वाले वाहन भी 5 से 6 किलोमीटर लंबे ट्रैफिक जाम में फंस गए. हालात ऐसे रहे कि राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) पर जाम एयरपोर्ट टनल के अंदर तक पहुंच गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

हरियाणा मौसम अपडेट

फरीदाबाद में भारी बारिश के कारण ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास और एनएचपीसी अंडरपास को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया. दोनों स्थानों पर जलभराव होने से यातायात प्रभावित रहा. हाईवे के कई हिस्सों पर भी पानी भरने की वजह से वाहनों की आवाजाही धीमी रही. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे तक सिरसा, फतेहाबाद, जींद, करनाल और कुरुक्षेत्र के कुछ इलाकों को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने 23 जुलाई तक राज्य में लगातार बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है.

साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस समय मानसूनी ट्रफ समुद्र तल पर अपनी सामान्य स्थिति के आसपास बनी हुई है. इसके साथ ही, पंजाब और आसपास के क्षेत्रों के निचले क्षोभ मंडल में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है. इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिल रही है, जिसके कारण अगले 48 से 72 घंटों के दौरान हरियाणा के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. बारिश के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4.2 डिग्री सेल्सियस की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है और दिन का तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में राशनकार्ड धारकों को नहीं मिलेगा सरसों तेल, सामने आई बड़ी वजह

सावधानी बरतने की सलाह

पिछले 24 घंटों में सिरसा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके बाद, हिसार में 35.4 डिग्री और नारनौल में 35.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. रात के तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई. भिवानी प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, सिरसा में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा. हिसार में रात का तापमान 30.7 डिग्री और रोहतक में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की सलाह दी है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.