चंडीगढ़ | हरियाणा में एक दिन के ब्रेक के बाद आज से फिर बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 13 अगस्त तक प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं 10, 11 और 13 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ के अनुसार करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में अनेक स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं.

इन जिलों में बारिश के साथ मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है.
यमुनानगर में सुबह से बारिश
यमुनानगर में सोमवार सुबह से ही बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने यहां गरज- चमक और आकाशीय बिजली के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. 9 अगस्त को जारी अधिकतम तापमान रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 2.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. हालांकि, तापमान सामान्य के आसपास ही रहा. प्रदेश में सबसे अधिक 37 डिग्री सेल्सियस तापमान अंबाला में दर्ज किया गया.
चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री, करनाल में 35.2, रोहतक में 35.3 और हिसार में 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा.
इन जिलों में भी बारिश की संभावना
पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, भिवानी और चरखी दादरी में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जींद में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. बारिश के कारण कई इलाकों में तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है.