चंडीगढ़ | हरियाणा में गर्मी लगातार तेजी से बढ़ रही है. कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर चुका है. दोपहर के समय चल रही गर्म हवाओं ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में ओर उछाल आने और लू की स्थिति बने रहने की चेतावनी जारी की है.

हरियाणा के इन जिलों में ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं बन रही है जिसके कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी की संभावना है. खासकर दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के जिलों में गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. हिसार, सिरसा, भिवानी, रोहतक, फरीदाबाद और गुरुग्राम समेत कई जिलों में तेज गर्मी और लू का असर ज्यादा दिखने के आसार है.
मौसम शुष्क रहने की संभावना
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार वर्तमान में हरियाणा राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है और आने वाले 5 से 7 दिन तक शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान दिन का तापमान 45 डिग्री से ऊपर जाने और रात्रि तापमान 25 से 30 डिग्री तक पहुंचने की संभावना बन रही है. 25 मई से 2 जून के बीच नौतपा भी रहने वाला है. हर साल नौतपा में तापमान में उफान देखने को मिलता है, परन्तु इस साल नौतपा के दौरान बीच- बीच में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. 25 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और जून के पहले सप्ताह में भी एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा.
किसानों को सलाह
तेज गर्मी को देखते हुए किसान भाई को सलाह है कि वे सुबह या शाम के समय ही खेतों में काम करें. फसलों को तेज धूप से बचाने के लिए खेतों में सफेद टेंट लगाएं. तेज गर्मी के दौरान खेतों में दवाई का छिड़काव ना करे. वहीं, पशुओं के लिए पर्याप्त पानी और छांव की व्यवस्था जरूर करें.