चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून की रफ्तार फिलहाल दो दिनों के लिए धीमी पड़ गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार को प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. हालांकि उत्तर- पूर्वी जिलों और एनसीआर से सटे कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 जुलाई की रात से मानसून फिर सक्रिय होगा, जबकि 28 और 29 जुलाई को कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.

रविवार को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. वहीं, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं.
हरियाणा मौसम अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार 27 जुलाई को प्रदेशभर में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी. पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. इसी रात से मौसम में बदलाव शुरू होगा और 28 जुलाई से मानसून फिर जोर पकड़ लेगा. 28 और 29 जुलाई को उत्तर और दक्षिण-पूर्वी हरियाणा के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और कैथल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में गरज- चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना है. वहीं, 29 जुलाई को प्रदेश के 75 से 100 प्रतिशत क्षेत्रों में व्यापक वर्षा होने का अनुमान है.
तापमान में गिरावट
बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. 35.5°C के साथ भिवानी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा. अंबाला में 35.0°C, हिसार में 34.9°C, चंडीगढ़ में 34.8°C और नारनौल में 34.0°C तापमान रिकॉर्ड किया गया. बारिश कम होने से कई जिलों में उमस बढ़ी है. न्यूनतम तापमान की बात करें तो 24.5°C के साथ नारनौल सबसे ठंडा रहा. जबकि नूंह और भिवानी में रात का तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया. 28 जुलाई से बारिश बढ़ने के साथ तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है.