कुरुक्षेत्र | हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बूंदाबांदी का दौर थमने के बाद अब मौसम के सामान्य होने की संभावना है. आने वाले करीब एक सप्ताह तक ज्यादातर समय आसमान साफ रहने का अनुमान है. इसका सीधा फायदा उन किसानों को मिल सकता है, जो खेतों में तैयार धान की फसल की कटाई का इंतजार कर रहे हैं. आगामी दिनों में जिले का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
इस दौरान तापमान में एक से दो डिग्री तक बदलाव भी देखने को मिल सकता है. मौसम से जुड़े अनुमानों के मुताबिक अक्टूबर के शुरुआती दिनों में दिन का तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
हरियाणा वेदर अपडेट
रात का तापमान करीब 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. बारिश रुकने के बाद दिन में तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है. रात के तापमान में कमी आने से भी मौसम में बदलाव दिखाई दे रहा है.
धान कटाई में आएगी तेजी
साफ मौसम का सबसे अधिक फायदा धान की कटाई में मिलने की उम्मीद है. खेतों में नमी कम होने से कंबाइन मशीनों से कटाई का काम तेज हो सकेगा. किसान भी मौसम की स्थिति को देखते हुए तैयार फसल को जल्द खेतों से निकालने की तैयारी कर रहे हैं. बारिश नहीं होने पर कटाई के बाद धान को सुखाने में भी आसानी होगी. इसके साथ ही खेतों से फसल मंडियों तक पहुंचाने का काम तेजी से हो सकेगा. ऐसे में आने वाले दिनों में अनाज मंडियों में धान की आवक बढ़ने की संभावना है.
बढ़ी सुबह-शाम की ठंडक
28 सितंबर को हुई बूंदाबांदी के कारण तापमान पर असर पड़ा और मौसम में ठंडक बढ़ गई थी. बारिश का सिलसिला थमने के बाद दिन के तापमान में दोबारा बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. कृषि विशेषज्ञ डॉ. दर्शन के मुताबिक आगामी दिनों में ज्यादातर समय मौसम साफ या आंशिक रूप से बादलों वाला रह सकता है. हालांकि, कुछ समय के लिए हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है.
