चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम लगातार करवटें ले रहा है. सुबह से ही चिलचिलाती धूप शुरू हो जाती है और शाम होते- होते मौसम बदल जाता है. दोपहर को धूप इतनी ज्यादा होती है कि लोगों का घर से निकलना दुभर हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार, आज एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर हरियाणा में देखने को मिलेगा. इसके प्रभाव से 2 से 7 मई के बीच कई जिलों में बारिश, गरज- चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी.

हरियाणा मौसम अपडेट
अगर राज्य में तापमान के आंकडों पर नजर डाले तो पिछले दिनों के मुकाबले 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री नीचे बना हुआ है. राज्य का अधिकतम तापमान महेंद्रगढ़ जिले में दर्ज किया गया है, जो कि 39 डिग्री सेल्सियस रहा है.
इन जिलों में होगी बारिश
आज मौसम विभाग ने पंचकूला, यमुनानगर, मेवात और पलवल जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है. वहीं महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने किसानों और आम जनता को मौसम के बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है.
आगे ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार मई महीने में करीब 7 से 8 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे. इनमें से 4 मध्यम श्रेणी के होंगे, जिनकी वजह से तेज हवाएं, आंधी और हल्की बारिश बार – बार देखने को मिलेगी. महीने के पहले 15 दिनों में तापमान सामान्य या उससे नीचे बना रहेगा, लेकिन दूसरे पखवाड़े में गर्मी बढ़ सकती है. एक के बाद एक लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण इस महीने गर्मी का असर कम देखने को मिलेगा.