चंडीगढ़ | हरियाणा में गर्मी अपनी चरम सीमा पर है. सूरज की तेज धूप अब झुलसाने लगी है. राज्य के तापमान में भारी उछाल दर्ज किया गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है. मौसम विभाग ने आज अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूहं और पलवल सहित कई जिलों में लू और वॉर्म नाइट का अलर्ट जारी किया है.

हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज
अगर राज्य में तापमान पर नजर डालें तो तापमान बढ़ता ही जा रहा है. राज्य के 13 शहरों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है. इसमें रोहतक, सिरसा, हिसार, नारनौल, फरीदाबाद जैसे जिले शामिल है. राज्य में सबसे गर्म जिला रोहतक रहा है, जहां का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. न्यूनतम तापमान की बात करें तो भिवानी में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, यहां की रातें गर्म और उमस भरी रही है.
भीषण गर्मी से बचने के लिए लोगों ने घर से बाहर निकलना बंद कर दिया है. सड़कों पर पहले की तुलना में आवाजाही कम हो गई है. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि यदि जरूरी हो तो ही दोपहर के समय घर से बाहर निकले. नींबू पानी, छाछ जैसे शीतल पेय पदार्थों को समय- समय पर लेते रहे. बाहर जाने से पहले शरीर को पूरी तरह ढक ले ताकि लू से बचा जा सके. बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें.
आंधी और बारिश का अलर्ट
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, फिलहाल राज्य में गर्मी को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. आज रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में परिवर्तन देखने को मिलेगा, दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 28 अप्रैल को और तीसरा 31 अप्रैल को सक्रिय होगा. कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश की संभावना है. 25 से 31 अप्रैल के दौरान राज्य में तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां लगातार जारी रह सकती है. इस दौरान रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है.