हिसार | हरियाणा में एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं. कृषि मौसम विज्ञान विभाग चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के अनुसार 4 अगस्त से 6 अगस्त के दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है.

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा उत्तर की ओर बढ़ रही है. यह बीकानेर, दिल्ली, लखनऊ, पटना और पूर्वी मणिपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. वहीं, उत्तर- पूर्व राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन भी सक्रिय है.
हरियाणा मौसम अपडेट
इसी मौसम प्रणाली के प्रभाव से हरियाणा में मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ने की संभावना है, जिससे अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 4 से 6 अगस्त के बीच प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश होने के आसार हैं. कुछ जिलों में तेज बारिश भी दर्ज की जा सकती है. इससे तापमान में गिरावट आने और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है.
तापमान में हल्की गिरावट
7 और 8 अगस्त को मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिलेगा. इन दो दिनों के दौरान आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की या छिटपुट बारिश होने की संभावना है. बीच- बीच में बादल छाए रहने से दिन के तापमान में हल्की गिरावट बनी रहेगी, जबकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने किसानों और आम लोगों से मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने और मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अपनी गतिविधियों की योजना बनाने की सलाह दी है.