चंडीगढ़ | हरियाणा में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ केंद्र ने 20 से 22 जुलाई के बीच प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दो से तीन दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी. वहीं किसानों के लिए भी यह बारिश राहत लेकर आ सकती है.

प्रदेश में पिछले करीब एक सप्ताह से बारिश नहीं हुई थी. इसके चलते तापमान बढ़ने के साथ उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी. अब मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक अच्छी बारिश का पूर्वानुमान जताया है, जिससे मौसम सुहावना होने की उम्मीद है.
हरियाणा मौसम अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार 19 जुलाई को हरियाणा का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. हालांकि, पिछले दिन की तुलना में इसमें 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रोहतक में 40.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि नारनौल में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा. 20 जुलाई के लिए पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों में अलग- अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, गरज- चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है.
वहीं, चंडीगढ़, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में भी भारी बारिश के साथ तेज हवाएं, गरज- चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.
हल्की से मध्यम बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत और जींद में कई स्थानों पर अच्छी बारिश होने के आसार हैं. वहीं. महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया गया है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है.
सतर्क रहने के निर्देश
21 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं. 24 और 25 जुलाई को भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है. लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है इसलिए प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. प्रदेश किसानों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. प्रदेश के कई जिलों में बारिश की कमी के कारण बाजरा समेत अन्य खरीफ फसलों पर संकट के बादल मंडरा रहे थे. अच्छी बारिश होने से फसलों को नया जीवन मिलेगा