चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. शुक्रवार सुबह से फरीदाबाद और रेवाड़ी में रुक- रुककर बारिश हो रही है जबकि पिछले 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश के कई जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई. सबसे अधिक बारिश पलवल, गुरुग्राम और फरीदाबाद में रिकॉर्ड हुई. बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है. प्रदेश के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं.

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत, यमुनानगर और चरखी दादरी में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में कई स्थानों पर गरज- चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है.
हरियाणा में ऐसा रहेगा मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा और राजस्थान के ऊपर बने चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से 7 और 8 अगस्त को हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है. पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 78.0 मिमी बारिश पलवल में दर्ज की गई. गुरुग्राम के नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी क्षेत्र में 57.0 मिमी और यमुनानगर में 32.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई. लगातार बारिश की वजह से प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है.
मानसूनी हवाएं सक्रिय
एचएयू के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून ट्रफ इस समय फिरोजपुर, रोहतक, शाहजहांपुर, कानपुर और आगे उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है. साथ ही राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन से मानसूनी हवाएं सक्रिय हुई हैं. इसके असर से 8 अगस्त तक कई इलाकों में तेज बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस सिरसा में दर्ज किया गया.
गुरुग्राम में 26.1, करनाल में 27.0, यमुनानगर में 27.2 और रोहतक में 28.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ. रात का सबसे कम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस हिसार में दर्ज किया गया. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक-दो दिन तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है और बारिश का दौर जारी रह सकता है.