हरियाणा में मानसून का कहर, 13 जिलों में बारिश का अलर्ट; जानें कहां होगी सबसे ज्यादा बारिश

चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय हैं. प्रदेश में लगातार तीसरे दिन भी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को 13 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें 6 जिलों में ऑरेंज और 7 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है. गुरुवार सुबह पानीपत, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, फरीदाबाद और पंचकूला में अच्छी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में 120 मिमी या उससे अधिक बारिश होने की संभावना है.

weather barish

झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ (नारनौल), पलवल, नूंह, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में यलो अलर्ट जारी किया गया है. दूसरी ओर हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, कैथल और कुछ पश्चिमी क्षेत्रों में फिलहाल बारिश की गतिविधियां कम रहने के आसार हैं.

हरियाणा मौसम अपडेट

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 10 और 11 जुलाई तक हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. उत्तर हरियाणा के अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में तेज बारिश की संभावना है जबकि दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 11 जुलाई के बाद बारिश की तीव्रता धीरे- धीरे कम होने की संभावना है और पश्चिमी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क हो सकता है.

बीते 24 घंटे के दौरान गुरुग्राम में सबसे अधिक 83 मिमी और करनाल में 79.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा पलवल में 42 मिमी, हथिनीकुंड बैराज (यमुनानगर) में 36 मिमी, नूंह में 25.5 मिमी, अंबाला में 19.9 मिमी, कैथल में 15.5 मिमी, रोहतक में 6.8 मिमी और महेंद्रगढ़ में 4 मिमी वर्षा दर्ज की गई.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में कमजोर पड़ा मानसून, अगले 7 दिन बारिश से राहत; सितंबर में फिर बदलेगा मौसम

तापमान में गिरावट

प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है. गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और करनाल में 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि सबसे अधिक तापमान सिरसा में 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा. रात के तापमान में भी औसतन 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. रोहतक में न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक 3.8 डिग्री की कमी आई, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.