चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है. मौसम विभाग और हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा. राहत की बात यह है कि 20 जुलाई के बाद मानसून दोबारा सक्रिय होने की संभावना है, जिससे कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है. मौसम विभाग ने आज सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह और झज्जर समेत 17 जिलों में उमस और गर्मी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. लोगों को दिन के समय तेज धूप और अधिक नमी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

HAU के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा इस समय जम्मू, देहरादून, शाहजहांपुर, बस्ती, पटना, बांकुरा, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है.
हरियाणा मौसम अपडेट
यह ट्रफ धीरे- धीरे हिमालय की तलहटी की ओर बढ़ रही है जिससे हरियाणा में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर बनी हुई हैं. उन्होंने बताया कि 20 जुलाई तक प्रदेश में पश्चिमी हवाएं चलेंगी जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी. हवा में नमी अधिक रहने के कारण बीच- बीच में बादल छा सकते हैं और कुछ स्थानों पर गरज- चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. 20 जुलाई के बाद मानसून ट्रफ के फिर दक्षिण की ओर आने पर बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. तापमान की बात करें तो राज्य में दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
जानें आपके जिले का हाल
भिवानी 42.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा. रोहतक में अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री, हिसार में 39.4 डिग्री तथा सिरसा और गुरुग्राम में 39.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. वहीं, रात के समय सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा. मौसम विभाग के अनुसार, लोगों को उमस और गर्मी से राहत के लिए 20 जुलाई तक इंतजार करना पड़ सकता है.