चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की ओर है. मौसम विभाग ने आज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. प्रदेश में 17 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. 18 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है. रविवार सुबह पानीपत में बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के मुताबिक, यमुनानगर में गरज- चमक के साथ बारिश हो सकती है.
पंचकूला, अंबाला, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. इसके अलावा कुरुक्षेत्र, कैथल, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, भिवानी और चरखी दादरी के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है.
मानसून की सक्रियता बढ़ने के आसार
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, फिलहाल मानसून टर्फ की अक्षय रेखा राज्य से दूर बनी हुई है. इसके साथ ही नमी वाली हवाएं छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान की तरफ से हरियाणा की ओर पहुंच रही हैं. इसके चलते अगले दो दिनों तक मौसम परिवर्तनशील रह सकता है. विभाग के अनुसार 15 सितंबर से मानसून ट्रफ के दोबारा हरियाणा के आसपास पहुंचने की संभावना है. इसके प्रभाव से 15 सितंबर की देर रात से 18 सितंबर तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है.
मौसम साफ होने का अनुमान
13 और 14 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 15 से 17 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है. 18 सितंबर को बारिश कुछ इलाकों तक सीमित रह सकती है, जबकि 19 सितंबर से मौसम साफ होने का अनुमान है.
