हरियाणा में मानसून ने फिर पकड़ी रफ्तार, 6 जिलों में यलो अलर्ट; 17 सितंबर तक बरसेंगे बादल

चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ ने सोमवार को प्रदेश के छह जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. करनाल, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद और यमुनानगर में बारिश की संभावना जताई गई है. इनमें यमुनानगर में बिजली गिरने के साथ भारी बारिश को लेकर विशेष चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार, कुरुक्षेत्र, कैथल, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद, भिवानी और चरखी दादरी समेत कई जिलों में अलग- अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

Barish Rain Weather Mausam

बारिश का सिलसिला 17 सितंबर तक बने रहने की संभावना है. इस दौरान अगले 4 दिनों में तापमान में भी उतार- चढ़ाव देखने को मिल सकता है. गरज- चमक के समय लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है.

8 जिलों में हुई बारिश

इससे पहले रविवार को प्रदेश के आठ जिलों में बारिश दर्ज की गई. पंचकूला में हिमाचल से पहाड़ी पानी आने के बाद कई इलाकों में हालात बिगड़ गए. मोरनी हिल्स में लैंडस्लाइड के कारण टिक्कर ताल मार्ग बंद हो गया था. इस दौरान फंसे पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. गोबिन्दपुर नदी में अचानक तेज बहाव आने से 10 पशु बह गए. रुड़की गांव में कई घरों में करीब 3 फीट तक पानी भर गया. शिव शक्ति कॉलोनी में भी सड़कों और गलियों में घुटनों तक पानी जमा हो गया. कई मकानों के साथ प्राचीन मंदिर में भी पानी घुस गया.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में फायर कर्मचारियों की बल्ले- बल्ले, 50 लाख मुआवजा तय; भत्तों में भी हुआ इजाफा

तापमान सबसे ज्यादा

आईएमडी की 13 सितंबर की रिपोर्ट के मुताबिक हिसार और चरखी दादरी के कैनाल रेस्ट हाउस में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. महेंद्रगढ़ में 35.3 और फरीदाबाद में 34.7 डिग्री तापमान रहा. वहीं कुरुक्षेत्र और करनाल में तापमान क्रमशः 29.8 और 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.