हरियाणा में मानसून की वापसी, अगले 2 दिनों में भारी बारिश की संभावना; जानें अपने शहर का हाल

चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून अब तक कमजोर बना हुआ है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है. मंगलवार सुबह से यमुनानगर में तेज बारिश हो रही है. प्रदेश में आधा मानसून सीजन बीतने के बावजूद अब तक केवल 134.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 27 प्रतिशत कम है. मौसम विभाग के अनुसार जून के बाद जुलाई में भी सामान्य से कम बारिश हुई है. जुलाई में अब तक 95.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 130.2 मिमी होनी चाहिए थी. यानी इस महीने भी 26 प्रतिशत बारिश की कमी बनी हुई है.

Barish Mausam Rain Weather

IMD के आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से 26 जुलाई 2026 के बीच महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, भिवानी, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, करनाल और चरखी दादरी में सामान्य या सामान्य के आसपास बारिश हुई है. महेंद्रगढ़ में 185.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई जो सामान्य से 3 प्रतिशत अधिक रही.

हरियाणा मौसम अपडेट

रेवाड़ी में 173 मिमी, चरखी दादरी में 175 मिमी और पलवल में 168.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. दूसरी ओर कई जिलों में बारिश का बड़ा घाटा बना हुआ है. सबसे खराब स्थिति जींद और सिरसा की है, जहां अब तक सामान्य से 62 प्रतिशत कम बारिश हुई है. इसके अलावा, रोहतक और अंबाला में 61-61 प्रतिशत, कैथल में 47 प्रतिशत, सोनीपत में 38 प्रतिशत, हिसार में 35 प्रतिशत और यमुनानगर में 34 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है.

सोमवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. सबसे अधिक तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस सोनीपत के कैनाल रेस्टहाउस सरगथल में रिकॉर्ड हुआ. वहीं, हिसार में 38.6, भिवानी में 38.5, रोहतक में 38.2 और फरीदाबाद के बोपानी में 38.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

यह भी पढ़े -  हरियाणा सरकार का फैसला, सैनिकों- पूर्व सैनिकों को अब नहीं लगाने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर

न्यूनतम तापमान

न्यूनतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी रही. सबसे कम न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस महेंद्रगढ़ के नारनौल में दर्ज किया गया, जबकि सिरसा सबसे गर्म रात वाला जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में कई जिलों में अच्छी बारिश होने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.