हिसार | हरियाणा में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने की तैयारी में है. शुक्रवार को प्रदेश के 15 जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना बना रहा. दिन में धूप निकलने से नमी के कारण उमस बनी रही. मौसम विभाग ने 27 जुलाई के बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 25 से 27 जुलाई के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज- चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. अरब सागर से आने वाली नमी वाली हवाएं और दक्षिण- पूर्व राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर हरियाणा के मौसम पर दिखाई देगा.
हरियाणा मौसम अपडेट
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि फिलहाल मानसून टर्फ की स्थिति के कारण बारिश सीमित क्षेत्रों तक ही सिमटी हुई है लेकिन 27 जुलाई से मानसून टर्फ के उत्तर की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं आने के बाद मौसम तेजी से बदलेगा.
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग के मुताबिक, 28 से 30 जुलाई के बीच हरियाणा के उत्तरी जिलों में अधिकांश स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है. इसी को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यदि अनुमान सही रहा तो कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और किसानों को भी राहत मिलेगी. कहीं हल्की फुहारें तो कहीं तेज बारिश देखने को मिल सकती है. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.