हिसार | हरियाणा में मानसून की चाल धीमी पड़ते ही गर्मी ने फिर जोर पकड़ लिया है. पश्चिमी हवाओं और तेज धूप के असर से प्रदेश में दिन के साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. हिसार में अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4 दिनों तक मानसून की सक्रियता कमजोर रहने और तापमान में और बढ़ोतरी होने के आसार हैं.
इसके बाद मौसम में बदलाव हो सकता है और दोबारा बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तरी हरियाणा के कुछ जिलों में बारिश की चेतावनी भी जारी की है.
हरियाणा मौसम अपडेट
प्रदेश में अब तक सामान्य से 23 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है. सामान्य तौर पर इस अवधि में 385.8 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अभी तक 298.7 एमएम ही बारिश हुई है. गुरुग्राम, नूंह और पलवल में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है. राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.9 डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुंच गया है. हिसार, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, गुरुग्राम, सिरसा, नारनौल और कुरुक्षेत्र समेत 10 से अधिक शहरों में पारा 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है.
किसानों के लिए एडवाइजरी
मौसम में बदलाव और उमस को देखते हुए कृषि मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों और पशुपालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. बारिश की संभावना के कारण फिलहाल फसलों में सिंचाई रोकने और दवा का छिड़काव केवल साफ मौसम में करने को कहा गया है. गर्मी और नमी बढ़ने से कपास/ नरमा में सफेद मक्खी, चेपा और गुलाबी सुंडी का खतरा बढ़ सकता है. आर्थिक क्षति स्तर पार होने पर साफ मौसम में फ्लोनिकामिड या अफिडोपायरोपेन जैसे अनुशंसित कीटनाशकों का इस्तेमाल किया जा सकता है.
यूरिया डालने की सलाह
धान में जड़ घुन की निगरानी करने और यूरिया शाम के समय डालने की सलाह दी गई है. यूरिया को कीटनाशकों के साथ मिलाने से बचना होगा. पशुओं और पोल्ट्री को उमस से बचाने के लिए शेड में पर्याप्त वेंटिलेशन और पंखों की व्यवस्था रखने को कहा गया है. पशुओं को साफ पानी देने के साथ रोजाना खुराक में 50 ग्राम आयोडीन युक्त नमक और मिनरल मिक्सचर मिलाने की सलाह दी गई है.
