चंडीगढ़ | हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ और प्री- मानसूनी गतिविधियों के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है. सोमवार सुबह सिरसा और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग ने आज प्रदेश के उत्तरी और उत्तर-पूर्वी जिलों में गरज- चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है.

पिछले 24 घंटे के दौरान हुई बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. हिसार, भिवानी, अंबाला, चंडीगढ़ और यमुनानगर समेत कई क्षेत्रों में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई. इससे दिन के समय पड़ने वाली गर्मी का असर काफी कम हुआ है.
रोहतक सबसे गर्म जिला
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, भिवानी में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ जो प्रदेश में सबसे कम रहा. हिसार में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री, अंबाला में 36.3 डिग्री और करनाल में 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जिला स्तरीय पूर्वानुमान के अनुसार, 23 जून को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में कहीं- कहीं बारिश होने की संभावना है. 24 जून को बारिश की गतिविधियां दक्षिण- पूर्वी हरियाणा की ओर बढ़ेंगी और गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल तथा नूंह में हल्की बारिश हो सकती है.
प्री- मानसूनी गतिविधियां सक्रिय
25 जून को प्रदेश में प्री- मानसूनी गतिविधियां सबसे अधिक सक्रिय रहेंगी. इस दौरान हरियाणा के अधिकांश जिलों में तेज हवाएं, गरज- चमक और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. वहीं, 26 जून को बारिश का प्रभाव मुख्य रूप से सिरसा, फतेहाबाद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर तक सीमित रहने की संभावना है. बारिश के कारण दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 1.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा और सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. हिसार में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री, अंबाला में 25.4 डिग्री और सिरसा में 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.