प्री- मानसून बारिश से हरियाणा का मौसम सुहावना, लू से मिलेगी राहत; जानें रविवार का अपडेट

चंडीगढ़ | हरियाणा में जून महीने के दौरान लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिली है. पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन बारिश के असर के चलते यह अभी भी सामान्य से 4.9 डिग्री नीचे बना हुआ है. दिन के समय नारनौल सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बावजूद प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच रहने से लोगों को काफी राहत मिली है.

weather barish

मौसम विभाग के अनुसार, आज रविवार को राज्य में मौसम सामान्य रहने की संभावना है और हीटवेव की कोई स्थिति नहीं बनेगी. सिरसा, फतेहाबाद और हिसार जिलों में हल्की बारिश होने के भी आसार जताए गए हैं.

मौसम रहेगा परिवर्तनशील

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, राज्य में 17 जून तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा. इस दौरान हवाओं की दिशा और गति में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा. उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है. वातावरण में मौजूद नमी के कारण बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. कुछ स्थानों पर गरज- चमक के साथ धूलभरी हवाएं चलने और कहीं- कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, लेकिन भारी बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है.

खरीफ फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद

प्री- मानसून बारिश के आंकड़ों के अनुसार, इस बार अब तक 61 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है. पिछले 24 घंटों में राज्य में 4.9 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि 1 से 13 जून के बीच कुल 22.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 14.2 मिलीमीटर से काफी अधिक है. बारिश के चलते खरीफ फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है. साथ ही, जिन क्षेत्रों में अभी तक बुवाई नहीं हो पाई थी वहां कृषि कार्य तेजी से शुरू होने की संभावना है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में फिर मेहरबान हुआ मानसून, 10 जिलों में यलो अलर्ट; अगले 48 घंटे भारी बारिश का खतरा
Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.