चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है. बता दें कि सोमवार को सोनीपत और पंचकूला में बारिश दर्ज की गई जबकि मौसम विभाग ने प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी बारिश की संभावना जताई है. मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार सोमवार शाम 4:30 बजे तक भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल और जींद में बारिश हो सकती है. विभाग का अनुमान है कि 11 जुलाई तक प्रदेश में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.

पिछले 24 घंटों के दौरान हरियाणा में औसतन 0.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. सोमवार सुबह प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है और पिछले दिन की तुलना में इसमें कोई खास बदलाव नहीं देखा गया.
सिरसा सबसे गर्म जिला
रविवार को हरियाणा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान सिरसा में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा हिसार में 38.9 डिग्री, अंबाला में 39.2 डिग्री, चंडीगढ़ में 37.9 डिग्री, फतेहाबाद में 36.8 डिग्री, भिवानी में 36.4 डिग्री, रोहतक में 35.7 डिग्री, करनाल में 34.8 डिग्री और गुरुग्राम में 34.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
खरीफ फसलों के लिए राहत
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सक्रिय मानसून खरीफ फसलों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा. धान, बाजरा, कपास समेत अन्य फसलों की बुवाई और बढ़वार के लिए यह बारिश अनुकूल मानी जा रही है. हालांकि, जिन इलाकों में भारी बारिश होगी वहां खेतों में जलभराव की स्थिति बन सकती है. ऐसे में किसानों को समय पर पानी निकासी की व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी गई है.
लोगों को सलाह
मौसम विभाग के अनुसार पूरे सप्ताह प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहेगा. कई स्थानों पर गरज- चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है. साथ ही, मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने की सलाह भी दी गई है.