चंडीगढ़ | हरियाणा में गर्मी का सिलसिला लगातार जारी है. दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं से लू लगने और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से चक्कर, उल्टी, दस्त और बुखार जैसी समस्याएं आ रही है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कल से नौतपा शुरू होने वाला है, जिससे तापमान में ओर बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, इसीलिए लोगों को दोपहर के समय घर पर रहने की सलाह दी गई है.

आज इन 11 जिलों में चलेगी लू
मौसम विभाग ने आज महेंद्रगढ़, मेवात, पलवल, रेवाड़ी, भिवानी, हिसार, चरखी दादरी, झज्जर, सिरसा और फतेहाबाद में लू चलने की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की सलाह दी है. इस भयंकर गर्मी का असर इलेक्ट्रानिक आइटम पर भी पड़ रहा है. इस दौरान मोबाइल, लैपटॉप या पावर बैंक जल्दी गर्म हो रहे है, जिससे बैटरी डैमेज, लौ परफोर्मेंस या अचानक डिवाइस बंद होने जैसी समस्याएं आ रही है.
हरियाणा तापमान अपडेट
राज्य में कल कई जिलों में मौसम में बदलाव भी देखने को मिला है, जिसके चलते सिरसा, महेंद्रगढ़ व झज्जर जिलों में बारिश हुई और अन्य कई जिलों में बादल छाए रहे और तेज हवाएं भी चली. इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली. वहीं राज्य में सबसे गर्म जिला रोहतक रहा, यहां का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. फरीदाबाद, फतेहाबाद, सिरसा और हिसार समेत कई जिलों में तापमान 44 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है.
आगे जाने मौसम का हाल
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार राज्य में 24 मई से 27 मई तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है. 26 मई और 27 मई को कई जिलों में हीटवेव की संभावना भी है. 28 मई और 29 मई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गरज- चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है. इसके बाद तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, इससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत की संभावना है.