चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून की सक्रियता अब कमजोर पड़ने लगी है. मौसम विभाग और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 8 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है. 12 सितंबर तक मौसम परिवर्तनशील बना रह सकता है. इस दौरान पश्चिमी हवाओं के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसूनी टर्फ रेखा की उत्तरी सीमा श्री गंगानगर, नारनौल, देहरी, पुरुलिया और दीघा से होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. वहीं उत्तर प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र मौजूद है.
हिसार में 38.3 डिग्री पहुंचा तापमान
इसके प्रभाव से हरियाणा में मानसून कमजोर हुआ है. इस सीजन में प्रदेश में मानसून की बारिश भी सामान्य से कम रही है. मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार पिछले 24 घंटे में हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में 2.7°C की बढ़ोतरी हुई. हिसार 38.3°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा. यहां तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. भिवानी में 36.5°C, चरखी दादरी में 36.3°C, सिरसा में 35.9°C और फरीदाबाद-पलवल में 35.4°C तापमान रहा.
छिटपुट बारिश के आसार
HAU के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 12 सितंबर तक कहीं-कहीं आंशिक बादल छा सकते हैं. पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान बढ़ेगा. इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है, लेकिन व्यापक बारिश की संभावना कम है.
