चंडीगढ़ | हरियाणा में बारिश के बाद गर्मी और उमस से राहत मिली है. प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 3.2°C और न्यूनतम तापमान में 2.4°C की गिरावट दर्ज की गई है. इस बीच आज भी राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मानसून सक्रिय रहने के आसार हैं. मौसम विभाग (IMD) और चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) ने कई जिलों में गर्जन- चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है. मानसून ट्रफ रेखा राज्य के करीब आने के कारण बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं.
आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, महेंद्रगढ़, नूंह, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल समेत कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत और सोनीपत में मौसम मुख्य रूप से शुष्क से आंशिक परिवर्तनशील रहने की संभावना है.
हिसार में 64.2 mm बारिश
17 सितंबर को सबसे ज्यादा 64.2 mm बारिश हिसार में दर्ज हुई. जींद में 40.5 mm, सिरसा 31.5 mm, पानीपत 22.5 mm, यमुनानगर 19.0 mm, नूंह 14.5 mm, फतेहाबाद 13.0 mm, भिवानी 12.0 mm, सोनीपत 11.5 mm, करनाल 8.0 mm और कैथल में 5.0 mm बारिश रिकॉर्ड की गई. हिसार के अधिकतम तापमान में 7.5°C की गिरावट के बाद पारा 30.9°C रहा. प्रदेश में सबसे अधिक 34.6°C तापमान नूंह में दर्ज हुआ.
मौसम परिवर्तनशील
न्यूनतम तापमान सामान्य से औसतन 1.8°C नीचे रहा. हिसार में सबसे कम 20.5°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.4°C कम है. HAU हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 18 सितंबर तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा. 19 सितंबर से मानसून की गतिविधियां कम होने और मौसम धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है.
