जन्माष्टमी से बरस रहे बादल अब भी नहीं थमे, दिल्ली- NCR में बारिश से मौसम सुहावना; कई इलाकों में जलभराव

नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली- एनसीआर में जन्माष्टमी से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार सुबह भी थमने का नाम नहीं ले रहा है. तड़के से ही राजधानी समेत नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, रेवाड़ी और फरीदाबाद के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होती रही. लगातार बरस रहे पानी से मौसम ठंडा और सुहावना हो गया है, लेकिन कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. सुबह काम के लिए घर से निकले लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों को बारिश के बीच रास्ता तय करना पड़ा.

Barish

कई प्रमुख सड़कों पर पानी जमा होने से वाहनों की रफ्तार धीमी हुई और ट्रैफिक की स्थिति भी प्रभावित हुई. हालांकि, बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है. साथ ही, वायु गुणवत्ता (AQI) में भी सुधार दर्ज किया जा रहा है.

48 घंटे बारिश के आसार

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून की सक्रियता और स्थानीय दबाव के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. मौसम विज्ञानियों ने अगले 24 से 48 घंटे के दौरान भी आसमान में बादल छाए रहने और कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई है. ऐसे में जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

यह भी पढ़े -  दुनिया की सबसे बड़ी गोल्ड बार ने बनाया नया रिकॉर्ड, वजन सुनकर उड़ जाएंगे होश

निगरानी केंद्रों पर बारिश

फरीदाबाद में पिछले 24 घंटे के दौरान जिले के सभी निगरानी केंद्रों पर बारिश दर्ज की गई. तिगांव में सबसे अधिक 39 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई. इसके अलावा धौज में 19 मिमी, दयालपुर में 14 मिमी, बडखल में 14 मिमी, गौंची में 14 मिमी, फरीदाबाद में 9 मिमी, बल्लभगढ़ में 8 मिमी और मोहना में 7 मिमी बारिश हुई. जिला प्रशासन मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. नागरिकों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानी बरतें और जलभराव वाले रास्तों पर जाने से बचें.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.