दिल्ली में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट, तेज हवाओं का अनुमान; घर से निकलने से पहले जानें अपडेट

नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली- NCR में बारिश का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा. दिल्ली, नोएडा और आसपास के इलाकों में सुबह से ही कई जगह बारिश देखने को मिली. मौसम विभाग ने राजधानी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि कुछ क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट रखा गया है. मौसम विभाग के मुताबिक शहादरा, सेंट्रल दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली और नॉर्थ दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज- चमक की स्थिति बन सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है.

barish

बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस तथा गर्मी से राहत मिली है. हालांकि, कई सड़कों पर पानी जमा होने से वाहनों की रफ्तार प्रभावित हुई. रविवार की छुट्टी होने के कारण सामान्य कामकाजी दिनों की तुलना में सड़कों पर दबाव कम रहा, जिससे नौकरीपेशा लोगों को बड़े ट्रैफिक जाम का सामना नहीं करना पड़ा.

यह भी पढ़े -  दिल्ली वालों के लिए जरूरी खबर, 22 प्रमुख सड़कों पर बदलेगा ट्रैफिक; BRICS रिहर्सल को लेकर एडवाइजरी जारी

बारिश ने बढ़ाई परेशानी

इससे पहले शनिवार को दिल्ली- NCR में तेज बारिश हुई थी. लगातार हुई वर्षा के चलते राजधानी और आसपास के शहरों के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई थी. निचले इलाकों में लोगों को आवाजाही में भी परेशानी का सामना करना पड़ा. बारिश और खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला. शनिवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 200 से अधिक उड़ानें निर्धारित समय से देरी से संचालित हुईं.

यात्रियों से की अपील

आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचने वाली उड़ानों में औसतन करीब 70 मिनट की देरी रही. वहीं, एयरपोर्ट से रवाना होने वाली फ्लाइट्स करीब 130 मिनट तक प्रभावित हुईं. खराब मौसम के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा. मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और बाहर निकलने से पहले मौसम की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.