गुरुग्राम में मूसलाधार बारिश से हालात बेहाल, WFH एडवाइजरी जारी; कई इलाकों में घुटनों तक पानी

गुरुग्राम | शुक्रवार सुबह से हो रही लगातार तेज बारिश ने गुरुग्राम की रफ्तार थाम दी. शहर के कई हिस्सों में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ. हालात को देखते हुए प्रशासन ने सभी निजी कंपनियों और कॉरपोरेट कार्यालयों के लिए वर्क फ्रॉम होम (WFH) एडवाइजरी जारी की है. राजीव चौक, इफको चौक, सोहना रोड और दिल्ली- गुरुग्राम एक्सप्रेसवे समेत कई प्रमुख चौराहों और सर्विस लेन पर जलभराव हो गया. कई वाहन पानी में बंद हो गए, जिससे सुबह ऑफिस समय में लंबा जाम लग गया. कई जगहों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए और लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी.

Jalbharav Barish Monsoon

भारी बारिश के कारण गुरुग्राम नगर निगम की शुक्रवार को प्रस्तावित हाउस बैठक भी स्थगित कर दी गई. प्रशासन ने बताया कि जलभराव के चलते पार्षदों और अधिकारियों का बैठक स्थल तक पहुंचना मुश्किल था.

गुरुग्राम में मूसलाधार बारिश

सभी निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को फील्ड में उतरकर जलनिकासी व्यवस्था सुधारने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं. स्थिति सामान्य होने के बाद बैठक की नई तारीख घोषित की जाएगी. यातायात व्यवस्था संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात की गई हैं. पुलिस जलभराव वाले क्षेत्रों से वाहनों को निकालने और जाम खुलवाने में जुटी है. लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील भी की गई है. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश की संभावना जताई है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में मानसून का जोरदार असर, 16 जिलों में झमाझम बारिश

फैल गया कीचड़

बारिश के बीच सेक्टर- 69 स्थित ट्यूलिप वॉयलेट के सामने बरसाती नाले की खुदाई को लेकर भी सवाल उठे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि मानसून के दौरान की गई खुदाई से सड़क पर कीचड़ फैल गया और कई वाहन उसमें फंस गए. लोगों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है. पूर्व अधिकारी जगमोहन उप्पल ने कहा कि वर्षों से ड्रेनेज सिस्टम में सुधार नहीं होने के कारण हल्की बारिश में भी गुरुग्राम की सड़कें जलमग्न हो जाती हैं. द्वारका एक्सप्रेसवे वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी बी. सरीन ने बताया कि पिछले दो मानसून सीजन से 29 किलोमीटर लंबा द्वारका एक्सप्रेसवे जलभराव मुक्त रहा है.

प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था के ऐसे मॉडल को शहर के अन्य हिस्सों में भी लागू किया जाना चाहिए. साथ ही, उन्होंने नागरिकों से भी कचरा नालों में न फेंकने और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.