चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून अब विदाई की तरफ बढ़ रहा है. बारिश की गतिविधियां कमजोर होने के साथ सुबह और शाम के मौसम में बदलाव महसूस होने लगा है. दिन में गर्मी बनी हुई है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट के कारण सुबह- शाम हल्की गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है. मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 25 सितंबर तक मानसून पूरे हरियाणा से विदा ले सकता है.
मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अलग-अलग ट्रेंड दिखाई दिया. प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.6°C की बढ़ोतरी हुई, जबकि औसत न्यूनतम तापमान 0.2°C नीचे आया है.
रात में मिली राहत
रोहतक में 36.9°C तापमान दर्ज हुआ और यह प्रदेश में सबसे गर्म रहा. गुरुग्राम में 36.4°C और फरीदाबाद में 35.9°C तापमान रहा. रात में सबसे कम 22.2°C तापमान करनाल (AWS) में दर्ज हुआ. पंचकुला में 22.4°C, यमुनानगर में 22.5°C और अंबाला व रेवाड़ी में 22.8°C तापमान रहा. चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक मानसूनी हवाओं की वापसी की रेखा 19 सितंबर तक राजस्थान के रामगढ़, मोहनगढ़, फलोदी और खाजूवाला तक पहुंच गई थी.
राजस्थान के ऊपर एंटीसाइक्लोन बनने से हवा पुरवाई की जगह पश्चिमी होने की संभावना है. मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा मध्य भारत की तरफ खिसकेगी और हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां और कम होंगी.
सामान्य से कम बरसा मानसून
हरियाणा में इस मानसून सीजन में अब तक 317.5 मिलीमीटर बारिश हुई है. सामान्य बारिश 409.7 मिमी मानी जाती है. इस हिसाब से प्रदेश में 22% कम बारिश दर्ज हुई है. पिछले 6 साल में यह सबसे कमजोर मानसून है. इससे पहले 2019 में 255 मिमी बारिश दर्ज की गई थी. मानसून विदाई की लाइन हिसार या सिरसा से गुजरने की संभावना है.
