चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम विभाग ने 15 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. दक्षिण- पूर्व और उत्तरी हरियाणा के कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लगातार मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा. साथ ही, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कहीं- कहीं आकाशीय बिजली चमकने की भी चेतावनी दी गई है. लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद है.

तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में धूलभरी आंधी और गरज- चमक के साथ मौसम बिगड़ सकता है.
हरियाणा मौसम अपडेट
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 23 जून तक हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है. इस दौरान आंशिक बादलवाई, हवाओं की दिशा में बदलाव और बीच- बीच में बारिश देखने को मिल सकती है. उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की ओर बढ़ेगा जबकि राजस्थान और पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने की संभावना है. इसके प्रभाव से 18 जून की रात से 20 जून तक राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में तेज हवाएं चल सकती हैं. कई स्थानों पर गरज- चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 22 और 23 जून को एक और पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव देखने को मिलेगा. इस दौरान भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. दिन के तापमान में अधिक बदलाव नहीं होगा लेकिन रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. 19 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी सहित पश्चिमी व मध्य हरियाणा के कई जिलों में यलो अलर्ट रहेगा. वहीं, 20 जून को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में मौसम का असर अधिक दिखाई दे सकता है.
मंगलवार के मुकाबले प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 3.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. भिवानी में सबसे अधिक 39.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा और नारनौल में सबसे कम 20 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.