चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) ने गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के खुद के घर का सपना पूरा करने की दिशा में एक अहम फैसला लिया है. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि हमारी सरकार ने राज्य के भूमिहीन लोगों को 100 गज के प्लाट देने का फैसला लिया है. प्लाट धारकों को पीएम आवास योजना से जोड़कर मकान निर्माण के लिए एक निश्चित राशि देने का भी वायदा किया है ताकि वे अपने घर का सपना पूरा कर सकें.
30 गज के प्लॉट
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शनिवार को लाडवा विधानसभा क्षेत्र के आधा दर्जन से ज्यादा गांवों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि शहरी आवास योजना के तहत करीब 15 हजार लोगों को 30- 30 गज के प्लाट दिए जा चुके है. जल्द ही, इसकी दूसरी किस्त के रूप में भी 30- 30 गज के प्लाट दिए जाएंगे.
सरकार का लक्ष्य
एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही युवाओं के लिए विभिन्न पदों पर भर्तियां लेकर आ रही है, जिससे युवाओं को रोजगार मिल सके. उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना और राज्य का विकास करना सरकार का प्राथमिक उद्देश्य है. उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले बारिश के कारण हुए जलभराव के चलते खराब हुई फसलों के कारण किसानों को 116 करोड़ रुपए मुआवजा राशि के रुप में दिए गए हैं.
21 लाख की घोषणा
सीएम ने कहा कि महासंग्राम विकास योजना के तहत गांवों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि गांवों के लोगों को भी शहरों जैसी सुविधाएं मिल सके. उन्होंने प्रह्लादपुर और बदरपुर गांवों के लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं बड़ी बारीकी से सुना और उनकी सभी मांगो को जल्द पूरा करने का वायदा किया. मुख्यमंत्री ने बनी गांव के विकास के लिए 21 लाख रुपए देने की भी घोषणा की. उन्होंने कहा कि समूचे हरियाणा के एकसमान विकास को लेकर हमारी सरकार प्रतिबद्ध है.
