चंडीगढ़ | हरियाणा में सोलर पैनल सिस्टम को लेकर एक अच्छी खबर सामने आई है. बिजली निगम के अधिकारी घर- घर जाकर सोलर सिस्टम लगाने का कार्य करेंगे. इसके लिए बिजली निगम ने सारी तैयारियां पूरी कर ली है. विभाग ने जिले की 18 सब डिविजनों में प्रक्रिया को तेज कर दिया है. अधिकारियों का उद्देश्य लोगों को सोलर सिस्टम के लाभों के प्रति जागरूक करना है.
इसके लिए निगम ने एक टीम बनाई है, जिसमें लाइनमैन से लेकर एसडीओ तक शामिल है. जो गांवो और शहरों में घर- घर जाकर सर्वे कर चुके है. मुख्यालय की ओर से 500 सोलर लगाने का आदेश दिया गया है.
इनको मिलेगा सोलर पैनल का लाभ
अधिकारियों का कहना है कि सोलर पैनल केवल उन्हीं मकानों पर लगाएं जाएंगे, जिनकी छतें मजबूत होगी ताकि भविष्य में किसी भी तकनीकी समस्या या दुघर्टना की संभावना ना रहे. निगम के अधिकारियों ने कहा है कि जिन्हें सोलर पैनल का लाभ मिलेगा, उनकी सूची तैयार की जा रही है.
देखें कितनी मिलेगी सब्सिडी की राशि
यह योजना लगभग 1 वर्ष पहले फरवरी 2024 में शुरू की गई थी. योजना के अनुसार, सोलर प्लांट लगवाने के लिए उपभोक्ताओं को पहले आवेदन करना होता है. वर्तमान योजना के अनुसार, 2 किलोवाट लोड तक 30 हजार रुपए प्रति किलोवाट की सब्सिडी प्रदेश सरकार द्वारा दी जाती है. 3 किलोवाट पर 78 हजार रुपए की सब्सिडी उपलब्ध है.
सोलर पैनल लगवाने के लिए 1 लाख 80 हजार रुपए से कम आय वाले पात्र परिवारों को 2 किलोवाट तक 60 हजार रुपये की सब्सिडी केंद्र सरकार से और 50 हजार रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी राज्य सरकार से मिलेगी. 1 लाख 80 हजार रुपये से 3 लाख रुपये तक की आय वाले परिवारों को 2 किलोवाट तक केंद्र सरकार की ओर से 60 हजार रुपये की सब्सिडी और प्रदेश सरकार की ओर से 20 हजार रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी दी जाएगी.
