चंडीगढ़ | हरियाणा में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए राज्य सरकार द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है और इन्हीं में से एक आयुष्मान चिरायु योजना हैं, जिसके तहत लोगों को 5 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है. गरीब परिवारों के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं है. जिन परिवारों की सालाना आय 1.80 लाख रुपए तक है, उन्हें इस योजना का निःशुल्क लाभ मिलता है.
यह परिवार भी उठा सकेंगे फायदा
जिन परिवारों की सालाना आमदनी 1.80 लाख रुपए से ज्यादा हैं, लेकिन 3 लाख रुपए से कम हैं, उन्हें इस योजना का लाभ उठाने के लिए 1500 रुपए प्रीमियम भुगतान करना होगा. इन परिवारों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा. फॉर्म अप्रूव होने के बाद 5 लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं. इसका ऑनलाइन पोर्टल शुरू हो चुका है. आयुष्मान कार्ड धारक हरियाणा का मूल निवासी होना चाहिए.
चिरायु आयुष्मान हरियाणा योजना
हरियाणा के वो नागरिक जो आयुष्मान भारत योजना की वार्षिक आय की पात्रता को पूरा नहीं कर पा रहे हैं, उनके लिए राज्य सरकार ने नवंबर 2022 में एक नई हेल्थ स्कीम चिरायु आयुष्मान हरियाणा की शुरुआत की थी. यह योजना केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना का ही एक तरह से विस्तार है. इस योजना के तहत 1.80 लाख रुपए से ज्यादा सालाना आमदनी वाले परिवार मात्र 1500 रुपए प्रीमियम देकर इस योजना के लाभार्थियों में शामिल हो सकते हैं.
योजना की विशेषताएं
- 1500 से 5 हजार रुपए प्रीमियम भुगतान कर इस योजना के तहत कैशलैस इलाज का लाभ उठा सकते हैं.
- 1.80 लाख रुपए की सालाना आमदनी वाली शर्त लागू नहीं होती है.
- आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाली सारी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं.
