चंडीगढ़ | हरियाणा में किसानों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि इसी साल अगस्त और सितंबर महीने में प्रदेश में भारी बारिश के चलते कई जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई थी, जिसके बाद प्रदेश सरकार द्वारा बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया गया था.
116 करोड़ रुपए से ज्यादा मुआवजा जारी
प्रदेश सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित किसानों को नुकसान की भरपाई के लिए 15 सितंबर तक ई- क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया था. अब इस नुकसान की भरपाई के लिए सरकार ने 53,821 किसानों को 116 करोड़ रुपए से ज्यादा की मुआवजा राशि जारी कर दी है.
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि इसमें बाजरे की फसल के लिए 35.29 करोड़ रुपए, कपास के लिए 27.43 करोड़ रुपए, धान के लिए 22.51 करोड़ रुपए और ग्वार के लिए 14.10 करोड़ रुपए की धनराशि शामिल हैं. चरखी दादरी जिले में सबसे ज्यादा 23.55 करोड़ रुपए मुआवजा राशि जारी किया गया है, जबकि हिसार जिले में 17.82 करोड़ रुपए और भिवानी जिले में 12.15 करोड़ रुपए मुआवजा राशि जारी की गई है. उन्होंने बताया कि मुआवजा राशि के वेरिफिकेशन के बाद 53,821 किसानों का 1 लाख 20 हजार 380 एकड़ कृषि क्षेत्र क्षतिग्रस्त यानि बाढ़ से प्रभावित पाया गया है.
बाजरे के लिए भांवातार भरपाई योजना
सीएम नायब सैनी ने बताया कि खरीफ सीजन 2021 में बाजरे की फसल को भांवातर भरपाई योजना में शामिल किया गया था. इस योजना के तहत, किसानों को 575 रुपए प्रति क्विंटल की दर से लाभ देने का फैसला लिया गया है. इसी फैसले के तहत आज प्रदेश के 1.57 लाख किसानों को 358.62 करोड़ रुपए की धनराशि बाजरा भांवातर के रूप में जारी की गई है.
