चंडीगढ़ | हरियाणा में गरीब परिवारों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. सूबे की नायब सैनी सरकार मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के तहत उन लोगों को खुद के घर का लाभ दे रही है, जिनके पास अपना खुद का घर या प्लाट नही है. हाउसिंग फॉर आल विभाग द्वारा यह प्लॉट मुहैया कराए जाएंगे.
गरीबों के घर का सपना होगा पूरा
मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के तहत, 61 ग्राम पंचायतों और 1 महाग्राम पंचायत के 4002 पात्र परिवारों को 100 या 50 वर्ग गज के प्लाट आवंटित किए जाएंगे. प्लाट आवंटन के लिए संबंधित उपायुक्तों और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा निर्धारित स्थानों पर ड्रॉ निकाला जाएगा. दूसरे चरण में 561 ग्राम पंचायतों के 1.59 लाख आवेदकों को आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.
बता दें कि इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 100 गज और शहरी क्षेत्रों में 50 गज तक के प्लाट की रजिस्ट्री पर स्टाम्प ड्यूटी खत्म कर गरीब परिवारों को एक और बड़ी राहत दी गई है. इन प्लाटों पर मकान बनाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत 2.50 लाख रुपये की सब्सिडी देने का भी प्रविधान किया गया है.
आर्थिक सहायता राशि का लाभ
लाभार्थियों को मकान बनाने के लिए ‘प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण’ के तहत 1.38 लाख रुपये की वित्तीय सहायता भी दी जाएगी. साथ ही, ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपये तथा मनरेगा के तहत 90 दिन की अकुशल मजदूरी देने का भी प्रविधान किया गया है.
