नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रहने वाली महिलाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women’s Day) पर बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां महिलाओं को 2,500 रूपए महीना सहायता राशि मिलने की तस्वीर साफ हो गई है. सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली की बीजेपी सरकार ने महिला सम्मान योजना को मंजूरी प्रदान कर दी है. आज हुई कैबिनेट मीटिंग में महिला समृद्धि योजना के रजिस्ट्रेशन की तारीख पर भी मुहर लग गई है.
इन महिलाओं को मिलेगा लाभ
दिल्ली सरकार की मंत्रिमंडल मीटिंग में फैसला लिया गया है कि बीपीएल कार्ड धारक महिलाओं को ही इस योजना का लाभ मिलेगा. सरकार की पहली प्राथमिकता है कि गरीब महिलाओं को इसका लाभ मिले. सूत्रों की मानें तो जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के मंच से भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा महिला समृद्धि योजना के रजिस्ट्रेशन की तारीख की घोषणा कर सकते हैं.
जानकारी के मुताबिक, घोषणा होने के बाद ड्राफ्ट को मंजूरी मिलेगी और इसी के साथ ही योजना के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएंगे. बताया जा रहा है कि महिला समृद्धि योजना के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी तरह से आनलाइन रहेगी. इसके लिए सरकार अलग से एक वेबसाइट या मोबाइल ऐप्लिकेशन लांच कर सकती हैं.
विधानसभा चुनाव में किया था वादा
दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणापत्र में महिलाओं को 2,500 रूपए प्रति महीना सहायता राशि देने का ऐलान किया था. महिला समृद्धि योजना के तहत इसका लाभ देने का फैसला लिया गया था.
यह रहेगी शर्तें
- इस योजना में आवेदन के लिए पहली शर्त तो यह होगी कि आवेदक महिला दिल्ली की नागरिक हो
- वह किसी भी तरह की सरकारी नौकरी या रिटायर्ड कर्मचारी न हो.
- बीजेपी पहले ही साफ कर चुकी है कि महिला समृद्धि योजना गरीब महिलाओं के लिए है.
- महिला गरीबी रेखा से नीचे (BPL) या EWS कैटेगरी में आती हो.
- परिवार की सालाना आय 2.5 लाख से 3 लाख रूपए तक होनी चाहिए.
- महिला की उम्र 18 से 60 साल के बीच होनी चाहिए और वह पहले से किसी अन्य योजना का लाभ न उठा रही हो.
